सारण । बिहार के छपरा शहर में साढ़ा बाजार समिति के पास स्थित एक कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस रिसाव होने से इलाके में हड़कंप मच गया। गैस लीक होते ही आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अफरा-तफरी फैल गई और लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, रामा कोल्ड स्टोर से अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। जहरीली गैस के प्रभाव से स्थानीय लोगों की आंखों में तेज जलन, घबराहट और उल्टी जैसी समस्याएं होने लगीं। कई महिलाओं की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें एम्बुलेंस के जरिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। सदर एसडीएम नितेश कुमार और एएसपी राम पुकार सिंह पुलिस बल तथा फायर ब्रिगेड की टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्रशासन के अनुसार, गैस रिसाव पर नियंत्रण पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम विशेष रसायन मिश्रित पानी का लगातार छिड़काव कर रही है। अधिकारियों ने कोल्ड स्टोर परिसर का निरीक्षण भी किया, जिसमें सुरक्षा मानकों में कई खामियां सामने आने की बात कही गई।
एसडीएम नितेश कुमार ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
