26.1 C
Kolkata
Thursday, July 23, 2026

ममता बनर्जी के खिलाफ लालबाजार में शिकायत, हिंदू महासभा ने की कार्रवाई की मांग

कोलकाता । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक विवादित बयान को लेकर उनके खिलाफ कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार में शिकायत दर्ज कराई गई है। अखिल भारत हिंदू महासभा ने साइबर अपराध शाखा में शिकायत देकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

हिंदू महासभा की ओर से गुरुवार रात दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ममता बनर्जी द्वारा हाल ही में दिए गए बयान से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि प्रभावित हुई है। संगठन का दावा है कि इस बयान से पश्चिम बंगाल समेत देश के विभिन्न हिस्सों में सांप्रदायिक सौहार्द पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रचूड़ गोस्वामी ने शिकायत में कहा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को तत्काल जांच शुरू करनी चाहिए और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

विवाद की जड़ ममता बनर्जी का वह बयान है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि बांग्लादेश में हादी उस्मान की हत्या के बाद आरोपी भारत की सीमा में प्रवेश कर पश्चिम बंगाल पहुंचे थे और बाद में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने उन्हें गिरफ्तार किया था। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि इस मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को थी।

इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले भी ममता बनर्जी के खिलाफ इस मामले में सिलीगुड़ी में एक प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच और कानूनी पहलुओं का परीक्षण कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख