झाड़ग्राम । पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम नगरपालिका में गुरुवार को बोर्ड बैठक के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों ने आरोप लगाया है कि बैठक समाप्त होने के बाद नगरपालिका भवन से बाहर निकलते समय कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उन पर अंडे फेंके।
जानकारी के अनुसार, नगरपालिका की विकास योजनाओं और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा के लिए नगरपालिका अध्यक्ष शिउली सिंह ने बोर्ड बैठक बुलाई थी। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य पार्षदों समेत कुल 10 जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
बताया गया है कि बैठक शुरू होने के कुछ समय बाद नगरपालिका कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी करने लगे। बढ़ते तनाव को देखते हुए बैठक को बीच में ही रोकना पड़ा।
तृणमूल पार्षदों का आरोप है कि बैठक के बाद बाहर निकलते समय कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान उपाध्यक्ष सुकुमार शीत सहित कई पार्षदों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर अंडे फेंके।
स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नगरपालिका अध्यक्ष सहित सभी पार्षदों को सुरक्षा के बीच वहां से बाहर निकालकर उनके घर पहुंचाया। झाड़ग्राम के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने घटना की पुष्टि की है।
घटना के बाद अध्यक्ष शिउली सिंह ने कहा कि विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन बाहर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने और विरोध प्रदर्शन के कारण बैठक सुचारु रूप से नहीं हो सकी।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष देवाशीष कुंडू ने मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नगरपालिका के कार्यों को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार की हिंसा का समर्थन नहीं करती और प्रदर्शन जनता के आक्रोश का परिणाम था।
