देवरिया । भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती से परेशान लोगों की शिकायतों के बीच देवरिया सदर के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी गुरुवार देर रात करीब दो बजे शहर के बिजली स्टेशन पहुंच गए। उनके औचक निरीक्षण से विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। विधायक ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था, कंट्रोल रूम और शिकायत निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।
पिछले कई दिनों से शहर के विभिन्न इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की शिकायतें सामने आ रही थीं। भीषण गर्मी के बीच रात में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही थी। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक बिना पूर्व सूचना के बिजली स्टेशन पहुंच गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न फीडरों की स्थिति, बिजली कटौती के कारण और आपूर्ति बहाल करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। शिकायतों के समाधान में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि गर्मी के इस दौर में बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनावश्यक बिजली कटौती से बचा जाए और तकनीकी खराबी आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिजली व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें कोताही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
