रोम । रोम डायमंड लीग 2026 में ओलंपिक चैंपियन नोहा लाइल्स ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में शानदार जीत दर्ज की। वहीं श्रीलंका के रुमेश थरंगा पाथिरागे ने भाला फेंक स्पर्धा में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर एथलेटिक्स जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
नोहा लाइल्स ने 100 मीटर रेस 9.88 सेकंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। कैमरून के इमैनुएल एसेमे दूसरे और बोत्सवाना के लेट्सिले टेबोगो तीसरे स्थान पर रहे। वहीं इटली के पूर्व ओलंपिक चैंपियन मार्सेल जैकब्स पांचवें स्थान पर रहे।
भाला फेंक स्पर्धा में रुमेश थरंगा पाथिरागे ने 92.62 मीटर का शानदार थ्रो कर प्रतियोगिता अपने नाम की। इस प्रदर्शन के साथ वह भाला फेंक की सर्वकालिक सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने मार्च में बनाए अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ 89.37 मीटर के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
हालांकि पाथिरागे अब भी महान चेक एथलीट यान जेलेज़्नी के 98.48 मीटर के विश्व रिकॉर्ड से पीछे हैं। इस स्पर्धा में ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स दूसरे और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में जूलियन अल्फ्रेड ने शानदार वापसी करते हुए विश्व चैंपियन मेलिसा जेफरसन-वूडेन को पीछे छोड़ दिया। अल्फ्रेड ने 21.93 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि मेलिसा जेफरसन-वूडेन दूसरे और अनाविया बैटल तीसरे स्थान पर रहीं।
