26.3 C
Kolkata
Wednesday, July 22, 2026

छतरपुर में सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा, 5 घंटे तक चला बवाल; पुलिस पर पथराव, 4 आरोपी गिरफ्तार

छतरपुर । मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर में एक सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। विंध्यवासिनी मंदिर पुलिस चौकी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच करीब पांच घंटे तक मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ का दौर चलता रहा। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी उपद्रवियों के निशाने पर आ गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, टोरिया मोहल्ले के तीन युवक तेज रफ्तार में पल्सर बाइक चला रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक स्कूटर से टकरा गई, जिसमें एक दंपती और उनकी तीन वर्षीय बेटी घायल हो गई। हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने उपचार का खर्च मांगते हुए बाइक की चाबी निकाल ली। आरोप है कि इससे नाराज होकर बाइक सवार युवक कुछ देर बाद अपने साथ कई लोगों को लेकर लौटा और दंपती के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान स्कूटी में भी तोड़फोड़ की गई।

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसकी गोद से तीन वर्षीय बच्ची को छीनकर सड़क पर फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने पर दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंच गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि जब पीड़ित पक्ष आरोपियों के घर पहुंचा तो दोनों गुट आमने-सामने आ गए। महिलाओं और पुरुषों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान वीडियो बना रहे एक युवक के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड थाना सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी की सूचना मिलते ही कई आरोपी अपने घरों में ताले लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने रात में दबिश देकर निसार, निज्जू, छोटू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कुछ स्थानीय लोगों ने विवाद के दौरान हवाई फायरिंग होने का दावा भी किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दंगा, पथराव, पुलिस पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख