34 C
Kolkata
Sunday, May 31, 2026

आज रात आसमान में एक साथ दिखेगा ‘ब्लू मून’ और ‘माइक्रो मून’ का दुर्लभ नजारा

भोपाल । खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष में रुचि रखने वाले लोगों के लिए आज यानी रविवार की रात बेहद खास होने जा रही है। आज रात आसमान में एक अद्धुत और अत्यंत दुर्लभ नजारा देखने को मिलेगा, जब ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा का चांद ‘ब्लू माइक्रो मून’ के रूप में चमकेगा। यह साल 2026 का सबसे छोटा फुल मून (पूर्ण चंद्र) होने जा रहा है। मध्य प्रदेश की नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने इस खगोलीय घटना पर विस्तार से जानकारी साझा करते हुए विज्ञान प्रेमियों को इस अद्भुत दृश्य का साक्षी बनने की अपील की है।

नीला नहीं, बल्कि आकार में छोटा और कम चमकीला होगा चांद

विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि ‘ब्लू मून’ नाम सुनकर लोगों को यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि चांद नीले रंग का दिखाई देगा; यह केवल एक पारंपरिक वैज्ञानिक नाम है। जब एक ही अंग्रेजी कैलेंडर महीने में दो पूर्णिमा आती हैं, तो दूसरी पूर्णिमा के चांद को ‘मंथली ब्लू मून’ कहा जाता है। इस मई महीने की पहली पूर्णिमा 1 मई को थी और आज 31 मई को यह दूसरी पूर्णिमा है। इसके साथ ही, आज रात चंद्रमा पृथ्वी की परिक्रमा करते हुए अपने सबसे दूर बिंदु यानी ‘एपोजी’ पर रहेगा। पृथ्वी से इसकी दूरी लगभग 4 लाख 6 हजार किलोमीटर होने के कारण यह आम पूर्णिमा के मुकाबले आकार में 5 से 7 प्रतिशत छोटा और करीब 10 प्रतिशत कम चमकीला दिखाई देगा, जिसके कारण इसे ‘माइक्रो मून’ कहा गया है।

‘स्कार्पियो ब्लू मून’ और सुर्ख लाल तारे ‘एंटारेस’ का दिखेगा अद्भुत मिलन

हिंदू पंचांग के दृष्टिकोण से देखें तो आज अधिकमास की ज्येष्ठ पूर्णिमा है और चंद्रमा वर्तमान में वृश्चिक राशि में स्थित रहेगा, जिसके कारण ज्योतिर्विज्ञान में इसे ‘स्कार्पियो ब्लू मून’ भी कहा जा रहा है। आज की रात आसमान में एक और मनोहारी दृश्य दिखेगा, जब चांद वृश्चिक राशि के सबसे चमकदार और सुर्ख लाल रंग के तारे ‘एंटारेस’ के बेहद करीब से गुजरता हुआ नजर आएगा। इस खूबसूरत नजारे को देखने के लिए किसी विशेष टेलिस्कोप या बाइनाकुलर (दूरबीन) की आवश्यकता नहीं होगी; इसे खुली आंखों से पूरी रात साफ-साफ देखा जा सकेगा।

अगले ‘ब्लू मून’ के लिए करना होगा लंबा इंतजार

सारिका घारू के अनुसार, एक ही रात को मंथली ब्लू मून और माइक्रो मून का एक साथ होना बेहद दुर्लभ संयोग है। इसके बाद खगोल प्रेमियों को अगला ब्लू मून देखने के लिए लंबा इंतजार करना होगा। आगामी वर्षों के खगोलीय कैलेंडर के मुताबिक, अब इसके बाद 20 मई 2027 को सीजनल ब्लू मून, 31 दिसम्बर 2028 को पूर्ण चंद्रग्रहण के साथ मंथली ब्लू मून और फिर 24 अगस्त 2029 को सीजनल ब्लू मून का नजारा अंतरिक्ष में दिखाई देगा।

Related Articles

नवीनतम लेख