28 C
Kolkata
Saturday, May 30, 2026

लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने किया ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का लोकार्पण, अब लखनऊ में दिखेगा इंडियन नेवी का पराक्रम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नाम शनिवार को एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से लखनऊ के सीजी सिटी (CG City) में 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का लोकार्पण किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ अब सिर्फ नवाबों का शहर नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव का एक बड़ा प्रतीक बनकर उभर रहा है।

देशभक्ति की नई प्रेरणा बनेगा यह स्थल, जल्द आएगी पनडुब्बी: राजनाथ सिंह लोकारपण समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह शौर्य वाटिका केवल कलाकृति या बनावट का नमूना नहीं है, बल्कि यह हमारी सेनाओं के कड़े संघर्ष और अभूतपूर्व योगदान की जीवंत गाथा है। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले समय में यहां पर्यटकों के लिए एक पनडुब्बी (Submarine) भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने बच्चों और परिवारों को यहाँ जरूर लाएं, ताकि नई पीढ़ी भारतीय सेना के शौर्य से रूबरू हो सके।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना भारत, 1 हजार करोड़ से 40 हजार करोड़ पहुंचा निर्यात रक्षा मंत्री ने देश की बदलती ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से पहले भारत महज एक हजार करोड़ रुपये के रक्षा कल-पुर्जे निर्यात करता था और हम हथियारों के बड़े आयातक थे। लेकिन आज भारत आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा चुका है और हम दुनिया के देशों को 40 हजार करोड़ रुपये के अत्याधुनिक हथियार निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में ऊंचाइयों को छू रहा है, लहलहा रहा है और जगमगा रहा है।

जब सैनिक सीमा पर तैनात रहता है, तब 140 करोड़ भारतीय चैन से सोते हैं: सीएम योगी इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ लखनऊ आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए भारत की गौरवशाली विरासत और सैन्य सुरक्षा से जुड़ने का एक बेहतरीन केंद्र बनेगी। सीएम योगी ने देश के जवानों को नमन करते हुए कहा कि जब हमारा सैनिक शून्य से नीचे के तापमान (माइनस डिग्री) में, रेगिस्तान की झुलसती गर्मी में और समुद्र की उफनती लहरों के बीच चौबीसों घंटे डटा रहता है, तभी देश के 140 करोड़ नागरिक चैन की नींद सो पाते हैं।

पर्यटन को लगेगा पंख, ‘INS गोमती’ समेत ये घातक हथियार होंगे मुख्य आकर्षण उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भारतीय नौसेना और यूपी पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से इस अत्याधुनिक ओपन एयर म्यूजियम (Open Air Museum) को तैयार किया गया है।

इस शौर्य वाटिका में दर्शकों के लिए निम्नलिखित ऐतिहासिक सैन्य उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं:

  • INS गोमती: 28 मई 2022 को रिटायर हुआ भारतीय नौसेना का प्रसिद्ध युद्धपोत इस वाटिका का मुख्य आकर्षण है। (बता दें कि 1988 में शामिल यह युद्धपोत लखनऊ की जीवनधारा गोमती नदी के नाम पर ही था)।

  • एके-726: मीडियम रेंज की शक्तिशाली तोप।

  • सीईटी-53 एम: पनडुब्बी रोधी घातक हथियार।

  • अन्य उपकरण: जिफ-101 लॉन्चर विद आरजे, कैपस्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और जहाज का विशाल प्रोपेलर।

यह अनूठा संग्रहालय न केवल देश के वीर सैनिकों को एक सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि यह युवाओं और बच्चों में राष्ट्रभक्ति की भावना फूंकने और उन्हें भारतीय रक्षा सेवाओं (Defense Services) की ओर आकर्षित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख