पलामू| जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिल्हो खुर्द में हुए पारा शिक्षक उदय सिंह हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को महज कुछ ही घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि उदय सिंह की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही साथी पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव ने की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
25 हजार के बदले मांगे 50 हजार, तो रच दी हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुरेंद्र यादव (निवासी: नाग बाबा, छतरपुर) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि करीब छह महीने पहले उसने उदय सिंह से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। उदय सिंह उस रकम पर भारी ब्याज जोड़कर 50 हजार रुपये वापस मांग रहा था। इसी लेन-देन को लेकर एक हफ्ते पहले दोनों के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई थी। इसी विवाद और खुन्नस में आकर सुरेंद्र ने उदय को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
पहले पिलाई बियर, फिर सुनसान जगह ले जाकर फरसे से काटा गला
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुरुवार की रात आरोपी सुरेंद्र यादव ने अपनी साजिश के तहत उदय सिंह को बुलाया। दोनों ने पहले एक साथ बैठकर बियर पी। जब उदय नशे में आ गया, तो सुरेंद्र उसे झांसा देकर एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां मौका पाते ही सुरेंद्र ने अपने झोले से धारदार हथियार (फरसा) निकाला और उदय की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
विशेष टीम ने किया खुलासा, खून से सने कपड़े और बाइक बरामद
घटना के बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर छत्तरपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने संदेह के आधार पर सुरेंद्र यादव को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में उसने सारा सच उगल दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, घटना के वक्त आरोपी द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद कर ली है।
इस पूरे उद्भेदन अभियान में छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे और अवर निरीक्षक राहुल कुमार समेत पुलिस बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।
