24 C
Kolkata
Friday, May 29, 2026

पीएनजी पाइपलाइन कार्य में आएगी तेजी, अगले 5-6 महीनों में 1 लाख घरों को गैस आपूर्ति का लक्ष्य

रांची । फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की पेट्रोलियम एवं एक्सप्लोसिव उप समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को चैम्बर भवन में संपन्न हुई। इस बैठक में मुख्य रूप से गेल (इंडिया) लिमिटेड, रांची के डीजीएम (सीजीडी) प्रशांत कुमार सिंह एवं कमर्शियल हेड मैनेजर देव प्रकाश अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे। बैठक के दौरान चैंबर के पदाधिकारियों ने रांची और उसके आसपास के शहरी क्षेत्रों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन बिछाने के काम में तेजी लाने का कड़ा आग्रह किया, ताकि व्यवसायियों और आम नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।

स्टेशन रोड और बरियातू सहित कई इलाकों में पाइपलाइन का काम पूरा

चैंबर के आग्रह पर गेल के अधिकारियों ने अद्यतन प्रगति साझा करते हुए बताया कि राजधानी के स्टेशन रोड, बरियातू रोड, पीपी कंपाउंड और सिरम टोली चौक जैसे प्रमुख क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। चैंबर ने अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर शहर के होटल व्यवसायियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला इमारतों (अपार्टमेंट्स) को शीघ्र पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर गेल प्रबंधन ने अवगत कराया कि कार्य को तेज गति देने के लिए अतिरिक्त वेंडरों की नियुक्ति की जा रही है और आगामी 5-6 महीनों के भीतर करीब 1 लाख घरों तक पीएनजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

एलपीजी की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक सस्ती होगी पीएनजी

बैठक में पीएनजी के आर्थिक फायदों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि कमर्शियल (व्यावसायिक) उपयोग के लिए यह गैस पारंपरिक एलपीजी सिलेंडर की तुलना में लगभग 30-40 प्रतिशत तक सस्ती पड़ेगी, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह 8-10 प्रतिशत तक किफायती साबित होगी। गेल के अधिकारियों ने होटल और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वे उपभोक्ता जल्द से जल्द कनेक्शन के लिए आवेदन करें। इसके साथ ही होटल और उद्योगों के लिए कमर्शियल पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु गेल इंडिया द्वारा आधिकारिक संपर्क नंबर 9031622781 भी जारी किया गया।

बैठक में चैंबर और गेल के ये अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार और उप समिति के चेयरमैन जसविंदर सिंह उपस्थित थे। इनके अलावा औद्योगिक और व्यावसायिक हितों का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्य दलजीत सिंह, संदीप मिश्रा, रवि रंजन कुमार, संदीप दास, उत्तम कुमार मिश्रा, त्रिलोचन सिंह, अरविंदर सिंह खुराना और प्रमोद चौधरी सहित कई अन्य गणमान्य व्यवसायी भी चर्चा में शामिल रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख