बेंगलुरु| कर्नाटक की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार को उन्होंने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल की अनुपस्थिति में उनके सचिव को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। इस इस्तीफे के साथ ही कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन और नए मुख्यमंत्री की ताजपोशी का रास्ता साफ हो गया है।
कैबिनेट मंत्रियों के साथ ‘ब्रेकफास्ट मीटिंग’ और इस्तीफे का एलान
राजभवन जाने से पहले मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार सुबह अपने आधिकारिक आवास पर कैबिनेट मंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण ‘ब्रेकफास्ट बैठक’ की। हालांकि, यह बैठक अपने तय समय से एक घंटा देरी से शुरू हुई क्योंकि सिद्धारमैया खुद मंत्रियों के बीच कुछ देर से पहुंचे। इस भावुक बैठक में सिद्धारमैया ने मंत्रियों के सामने अपने इस्तीफे की घोषणा की और सरकार चलाने में सहयोग के लिए अपने सभी साथी मंत्रियों व विधायकों का आभार व्यक्त किया।
शिवकुमार ने छुए पैर, गले मिलकर दिया एकजुटता का संदेश
बैठक के दौरान भारी सियासी कयासों के बीच कांग्रेस की एकजुटता की बेहद खास तस्वीर देखने को मिली। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस दौरान डीके शिवकुमार ने बड़े भाई की तरह सिद्धारमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
इस घटनाक्रम के तुरंत बाद कर्नाटक कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (ट्विटर) पर दोनों नेताओं की एक खास तस्वीर साझा करते हुए लिखा— “उस दिन, आज के दिन, हमेशा के लिए… एकता ही हमारी शक्ति है! जनसेवा ही हमारी शाश्वत प्रतिबद्धता है!”
डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव, कल विधायक दल की बैठक
सूत्रों के मुताबिक, सिद्धारमैया ने ब्रेकफास्ट बैठक में मंत्रियों के सामने न केवल अपने इस्तीफे का एलान किया, बल्कि अगले मुख्यमंत्री के रूप में डीके शिवकुमार के नाम का औपचारिक प्रस्ताव भी रख दिया। हालांकि, नए मुख्यमंत्री के नाम पर कांग्रेस विधायक दल (CLP) की अंतिम मुहर लगनी अभी बाकी है। माना जा रहा है कि कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल की यह अहम बैठक कल यानी 29 मई की शाम 5 बजे बेंगलुरु के एक निजी होटल में बुलाई गई है, जिसके बाद डीके शिवकुमार के नाम का आधिकारिक एलान किया जाएगा।
