26 C
Kolkata
Thursday, May 28, 2026

खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने ईस्ट गारो हिल्स में खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया

विलियमनगर (मेघालय) । केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने बुधवार को मेघालय के ईस्ट गारो हिल्स जिले के विलियमनगर का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने जिले में खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया और जमीनी स्तर पर खेल ढांचे को मजबूत करने के प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने विलियमनगर स्थित आरजीएचएसएस खेल मैदान में बने आर्टिफिशियल फुटबॉल टर्फ का दौरा किया और क्षेत्र में युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

यह दौरा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (एमडीओएनईआर) की ‘पूर्वोत्तर संपर्क सेतु’ पहल के तहत आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करना, विकास योजनाओं की जमीनी समीक्षा करना तथा उत्तर-पूर्व क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना है।

दौरे के दौरान खेल राज्य मंत्री ने तांबो आ’डिंग में निर्माणाधीन ‘खेलो इंडिया मल्टीपर्पज इंडोर हॉल’ की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर-पूर्व में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री ने मत्स्य पालन और पशुपालन से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय लोगों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। अधिकारियों के साथ हुई चर्चा में उत्पादकता बढ़ाने, स्थानीय क्षमता विकास और आर्थिक अवसरों के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया।

उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों और पारंपरिक कलाकृतियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने ईस्ट गारो हिल्स की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कारीगरों की कला की सराहना की। साथ ही उन्होंने स्थानीय शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बाजार उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

केंद्रीय मंत्री खडसे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समावेशी और संतुलित विकास के विजन में उत्तर-पूर्व क्षेत्र की अहम भूमिका है। ‘पूर्वोत्तर संपर्क सेतु’ जैसी पहल के जरिए हम स्थानीय समुदायों और जिला प्रशासन के साथ सीधे जुड़कर क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को बेहतर तरीके से समझ रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि ईस्ट गारो हिल्स में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, मत्स्य पालन और पशुपालन के जरिए आजीविका बढ़ाने तथा हस्तशिल्प परंपराओं को संरक्षित करने की दिशा में हो रही प्रगति उत्साहजनक है। केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और युवाओं को नए अवसर मिलें।

Related Articles

नवीनतम लेख