36 C
Kolkata
Tuesday, May 26, 2026

दत्ताबाद स्वर्ण कारोबारी हत्याकांड का आरोपित बीडीओ प्रशांत बर्मन गिरफ्तार, नशे में एक और शख्स को मारी टक्कर

कोलकाता । उत्तर बंगाल के राजगंज के निलंबित बीडीओ प्रशांत बर्मन को कोलकाता के न्यूटाउन इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर नशे की हालत में वाहन चलाने और एक राहगीर को टक्कर मारने का आरोप लगा है। घटना सोमवार रात इकोपार्क थाना क्षेत्र में हुई। फिलहाल उन्हें इकोपार्क थाने में रखा गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रशांत बर्मन कथित तौर पर नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। आरोप है कि उनकी कार ने पहले एक राहगीर को टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद वह व्यक्ति पास में खड़े एक स्कूटर सवार पर जा गिरा। हादसे में राहगीर के पैर में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ। पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया।

स्वर्ण व्यवसायी हत्याकांड में थे फरार
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को न्यूटाउन के यात्रागाछी इलाके में खाल किनारे से सॉल्टलेक के दत्ताबाद निवासी स्वर्ण व्यवसायी स्वपन कामिल्या का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि उनका अपहरण कर हत्या की गई थी और इस मामले में प्रशांत बर्मन का नाम सामने आया था।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी थे फरार
हत्या मामले में प्रशांत बर्मन को निचली अदालत से अग्रिम जमानत मिली थी, जिसे कलकत्ता उच्च न्यायालय ने रद्द करते हुए उन्हें आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। आदेश का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसके बाद बर्मन ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जहां सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने उन्हें 23 जनवरी तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था, लेकिन तब से वह फरार चल रहे थे।

Related Articles

नवीनतम लेख