रांची | भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने देश के 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इन सीटों के लिए आगामी 18 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही झारखंड समेत संबंधित राज्यों में राजनीतिक सरगर्मियां और जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन सीटों पर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है।
झारखंड की 2 सीटों समेत इन राज्यों में होंगे चुनाव
इस बार जिन 10 राज्यों में राज्यसभा चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की 4-4 सीटें शामिल हैं। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों पर मतदान होगा। हमारे राज्य झारखंड से 2 राज्यसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की 1-1 सीट पर चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
खड़गे और दिग्विजय सिंह समेत कई दिग्गजों का कार्यकाल हो रहा समाप्त
इस बार के चुनाव कई मायनों में बेहद दिलचस्प होने वाले हैं क्योंकि देश के कई दिग्गज राजनेताओं का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो रहा है। सेवानिवृत्त होने वाले प्रमुख नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन वरिष्ठ नेताओं का कार्यकाल जून के आखिरी हफ्ते से जुलाई के मध्य के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। सीटों के इस फेरबदल से उच्च सदन (Rajya Sabha) में सत्तापक्ष और विपक्ष के समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
बैंगनी रंग का विशेष पेन: चुनाव आयोग के सख्त निर्देश
निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने बेहद कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदान की गोपनियता और शुद्धता बनाए रखने के लिए इस बार भी केवल रिटर्निंग ऑफिसर (RO) द्वारा दिए गए बैंगनी रंग के विशेष स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। यदि किसी वोटर (विधायक) ने अपनी पसंद दर्ज करने के लिए किसी अन्य पेन या पेंसिल का उपयोग किया, तो उनका मत अवैध घोषित कर दिया जाएगा। पूरे चुनाव की निगरानी के लिए विशेष पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की जा रही है।

