नई दिल्ली । भारतीय सीनियर पुरुष फुटबॉल टीम यूनिटी कप 2026 में भाग लेने के लिए 17 खिलाड़ियों के साथ 24 मई को लंदन पहुंच गई। रविवार तड़के बेंगलुरु से रवाना हुई भारतीय टीम 2002 के बाद पहली बार ब्रिटिश धरती पर कोई मुकाबला खेलने गई है।
मुख्य कोच खालिद जमील की टीम ने 22 मई को बेंगलुरु में अभ्यास शिविर शुरू किया था, जो इंडियन सुपर लीग 2025-26 के समापन के एक दिन बाद लगाया गया था। हालांकि, 23 मई को मोहम्मडन बागान सुपर जायंट ने अपने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय शिविर से वापस बुला लिया। इसके बाद भारत बाकी 17 खिलाड़ियों के साथ लंदन रवाना हुआ। गोलकीपर ऋतिक तिवारी अलग से यात्रा कर रहे हैं और आज टीम से जुड़ेंगे।
फीफा रैंकिंग में 136वें स्थान पर मौजूद भारत का सामना 27 मई की मध्यरात्रि (भारतीय समयानुसार 28 मई) को दूसरे सेमीफाइनल में जमैका (71वीं रैंकिंग) से होगा। पहले सेमीफाइनल में 26वीं रैंकिंग वाली नाइजीरिया टीम का मुकाबला 130वीं रैंकिंग वाली जिम्बाब्वे से होगा।
दोनों सेमीफाइनल हारने वाली टीमें 30 मई को तीसरे स्थान के मुकाबले में आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले लंदन स्थित ‘द वैली’ स्टेडियम में खेले जाएंगे, जो चार्लटन एथलेटिक फुटबॉल क्लब का घरेलू मैदान है। मैचों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा।
यूनिटी कप 2026 के लिए भारत की टीम
गोलकीपर:
गुरप्रीत सिंह संधू, ऋतिक तिवारी, अल्बिनो गोम्स।
डिफेंडर:
राहुल भेके, निखिल पुजारी, रोशन सिंह नाओरेम, संदेश झिंगन, आकाश मिश्रा, बिजॉय वर्गीज, प्रमवीर।
मिडफील्डर:
जैक्सन सिंह थौनाओजाम, नौफल पीएन, रिकी शाबोंग।
फॉरवर्ड:
रयान विलियम्स, एडमंड लालरिंडिका, लालियानजुआला छांगते, रहीम अली, फारुख चौधरी।
यूनिटी कप 2026 कार्यक्रम
पहला सेमीफाइनल
27 मई, रात 12:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
नाइजीरिया बनाम जिम्बाब्वे।
दूसरा सेमीफाइनल
28 मई, रात 12:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
जमैका बनाम भारत।
फाइनल और तीसरे स्थान का मुकाबला
30 मई 2026
स्थान: द वैली स्टेडियम, लंदन।
