32 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

पलामू के 08 गुड सेमेरिटीन को मिला दो हजार का चेक

पलामू । उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले 08 गुड सेमेरिटीन (नेक व्यक्तियों) को दो-दो हजार रुपये का चेक सौंपकर सम्मानित किया। मौके पर डीटीओ जितेंद्र यादव उपस्थित थेे।

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना सबसे बड़ा मानवता का कार्य है। ऐसे लोगों को सम्मानित करना प्रशासन के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने सभी सम्मानित व्यक्तियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और संवेदनशीलता के कारण कई लोगों की जान बच सकी।

चेक प्राप्त करने वालों में गुलाम मुस्तफा, बसंत कुमार, अशोक कुमार यादव, संजीव कुमार चंद्रवंशी, जफर इमाम, विजय पांडे, पवन कुमार और आलोक पटेल शामिल थेे।

छतरपुर के कचनपुर निवासी अशोक कुमार यादव ने 13 अप्रैल को मदनपुर में घायल हुए व्यक्ति को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया था। वहीं मुरूमदाग निवासी गुलाम मुस्तफा ने 15 अप्रैल को सिलदाग में हुई सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को पुलिस केस समझकर नजरअंदाज न करें।

गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने से किसी की जान बचायी जा सकती है। सरकार की ओर से गुड सेमेरिटीन योजना के तहत मदद करने वाले लोगों को सम्मानित और प्रोत्साहित भी किया जाता है।

उन्होंने कहा कि आमजन आगे आएं, मानवता का परिचय दें और सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद कर एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं।

Related Articles

नवीनतम लेख