मिकेल आर्टेटा की कोचिंग में गनर्स ने रचा इतिहास; अब चैंपियंस लीग के महामुकाबले पर टिकी नजरें
नई दिल्ली । फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बेहद बड़ी ख़बर सामने आई है। आर्सेनल (Arsenal) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रीमियर लीग 2025-26 (Premier League) का खिताब अपने नाम कर लिया है। बुधवार को मैनचेस्टर सिटी और बोर्नमाउथ के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके साथ ही आर्सेनल की खिताबी जीत पर पक्की मुहर लग गई।
अंक तालिका का समीकरण
बोर्नमाउथ के खिलाफ मैच ड्रॉ होने के बाद पेप गार्डियोला की टीम मैनचेस्टर सिटी के 78 अंक रह गए हैं, जबकि शीर्ष पर काबिज आर्सेनल के खाते में 82 अंक हैं। चूंकि लीग में अब सिर्फ एक ही मुकाबला खेला जाना बाकी है, इसलिए सिटी के लिए अब आर्सेनल को पीछे छोड़ना गणितीय रूप से असंभव हो गया है।
2003-04 के बाद पहला खिताब, ग्योकेरेस बने हीरो
आर्सेनल के लिए यह ट्रॉफी बेहद खास है। आर्सेनल ने इससे पहले आखिरी बार साल 2003-04 के सीजन में आर्सेन वेंगर की कोचिंग में प्रीमियर लीग जीती थी। उस ऐतिहासिक सीजन में टीम एक भी मैच नहीं हारी थी। इस जादुई सीजन में आर्सेनल के लिए विक्टर ग्योकेरेस ने सबसे शानदार खेल दिखाते हुए सर्वाधिक 14 गोल दागे। वहीं मार्टिन ओडेगार्ड और लिएंड्रो ट्रोसार्ड ने छह-छह असिस्ट देकर टीम को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। गनर्स के गोलकीपर डेविड राया ने इस सीजन में कुल 19 ‘क्लीन शीट’ रखकर लगातार तीसरी बार प्रतिष्ठित ‘गोल्डन ग्लव अवॉर्ड’ अपने नाम किया।
कोच मिकेल आर्टेटा का पहला लीग टाइटल
आर्सेनल के मुख्य कोच मिकेल आर्टेटा के लिए भी यह एक बेहद भावुक और बड़ा पल है। साल 2019 में क्लब की कमान संभालने वाले आर्टेटा का मुख्य कोच के रूप में यह पहला प्रीमियर लीग खिताब है। दिलचस्प बात यह है कि मुख्य कोच बनने से पहले वह साढ़े तीन साल तक मैनचेस्टर सिटी के कोच पेप गार्डियोला के ही सहायक (Assistant Coach) थे।
अब चैंपियंस लीग पर निशाना
प्रीमियर लीग का बादशाह बनने के बाद अब आर्सेनल की नजरें ‘यूईएफए चैंपियंस लीग 2025-26’ के फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। इस महामुकाबले में आर्सेनल का सामना मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) से होना है, जहाँ गनर्स एक और इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे।

