32 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या का मामला: बलिया के दूसरे ‘राज सिंह’ की गिरफ्तारी से गाँव में सन्नाटा, CBI की रडार पर एक और युवक!

बलिया । पश्चिम बंगाल के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई तेज हो गई है। सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बलिया निवासी एक और युवक, राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद से आरोपी के पैतृक गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ है। आरोपी के पिता ने खुद मीडिया के सामने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

‘नाम’ के फेर में हुआ था सस्पेंस, अब असली आरोपी CBI की गिरफ्त में
दरअसल, सीबीआई ने इस हत्याकांड की कमान संभालते ही करीब एक सप्ताह पहले अयोध्या से ‘राज सिंह’ नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया था। वह युवक बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी का मूल निवासी था और जिला मुख्यालय के आनंद नगर में रहता था। तब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज दिखाकर उसे बेकसूर बताया था।

सीबीआई की जांच जब आगे बढ़ी, तो असली कड़ियां जुड़ीं और बलिया के ही रातोपुर निवासी दूसरे ‘राजकुमार सिंह’ का नाम सामने आया।

मुजफ्फरनगर टोल प्लाजा पर बिछाया गया था जाल
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी राजकुमार सिंह हरिद्वार से वापस लौट रहा था। सीबीआई की टीम को इसकी भनक पहले ही लग चुकी थी। जांच एजेंसी ने मुजफ्फरनगर स्थित एक टोल प्लाजा पर पहले से ही जाल बिछा रखा था। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, स्थानीय पुलिस के सहयोग से सीबीआई ने उसे दबोच लिया।

पिता के पास आया CBI का फोन
बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रतोपुर गाँव के निवासी और आरोपी के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया “सोमवार सुबह पौने सात बजे सीबीआई के एक अधिकारी का फोन आया था। उन्होंने बताया कि राजकुमार सिंह को शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया है।”

हालांकि, पिता ने बेटे की अन्य संदिग्ध गतिविधियों को लेकर मीडिया के सामने अधिक कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास, गाँव में भारी पुलिस बल की सुगबुगाहट
गिरफ्तार राजकुमार सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। रसड़ा कोतवाली में उसके खिलाफ पहले से ही दो मुकदमे दर्ज हैं:
साल 2020: राजकुमार के खिलाफ मारपीट का पहला मामला दर्ज हुआ था।
15 अप्रैल 2024: रतोपुर गाँव के ही जितेंद्र कुमार भारती की तहरीर पर राजकुमार सिंह, उसके पिता त्रिभुवन सिंह सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

बांसडीह इलाके में CBI की चहलकदमी, तीसरी गिरफ्तारी की संभावना!
इस ताजा गिरफ्तारी के बाद बलिया में हड़कंप मच गया है। सूत्रों की मानें तो इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में बलिया से एक और युवक की गिरफ्तारी हो सकती है। चर्चा है कि सीबीआई की एक टीम बांसडीह इलाके के एक गाँव में लगातार छापेमारी और रेकी कर रही है, जिससे क्षेत्र के अपराधियों में खौफ का माहौल है।

Related Articles

नवीनतम लेख