33 C
Kolkata
Monday, May 18, 2026

प्रदेशवासियों को पूर्ण रूप से सुरक्षित रखने में बिहार अग्निशमन सेवा के जवान देते रहें अपना योगदानः मुख्यमंत्री

पटना । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार अग्निशमन सेवा के सुदृढ़ीकरण हेतु राज्य के अग्निशामालयों के लिए क्रय किए गए 80 नए अत्याधुनिक अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए०आई०) आधारित आधुनिक अग्निशमन नियंत्रण कक्ष का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन भी किया।

बिहार अग्निशमन सेवा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित अग्निशामक यंत्रों, उपकरणों यथा न्यूमेटिक एयरलिफ्टिंग बैग, सिंगल एक्टिंग कॉम्पैक्ट हाइड्रोलिक डोर ओपनर सेल्फ कटेंड ब्रीदिंग एपरेटस, हाइड्रोलिक डिवॉटरटिंग पंप, कूलिंग वेस्ट, हाई प्रेशर पोर्टेबल पंप, पावर शोरिंग सिस्टम, रिमोट एरिया लाइटिंग 65000 ल्यूमेंस, मल्टी गैस डिटेक्टर बैटरी, ऑपरेटेड मिनी कटर, स्मोक एग्जॉस्टर आदि उपकरणों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी अग्निशमन सेवा से जुड़े जवान वीर योद्धा हैं, क्योंकि आप सभी आपदा की घड़ी में पूरी तत्परता के साथ दूसरों का जीवन बचाने का काम करते हैं ताकि आपदा विपदा न बने। आप सभी प्रदेश में वीर योद्धा के रूप में जाने जाते हैं। अग्निकांड से घिरे हर व्यक्ति के जीवन की रक्षा करना ही आपका मूल उद्देश्य है। आपदा की सूचना मिलते ही आप सभी पूरी मुस्तैदी के साथ बचाव कार्य में जुट जाते हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न्याय के साथ सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किया है, जिसे और आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। आज इस कार्यक्रम के माध्यम से 80 नए अग्निशमन वाहनों का लोकार्पण किया जा रहा है, जो पूरे प्रदेश में आपदा विशेषकर अग्निकांड की स्थिति से

बचाव में अपनी अहम भूमिका निभायेगी। बिहार अग्निशमन सेवा से वर्तमान में 8000 से अधिक प्रशिक्षित जांबाज जवान जुड़े हैं जिनका मुख्य मकसद है अग्निकांड से जूझ रहे लोगों का हर हाल में सुरक्षा करना। बिहार अग्निशमन सेवा से जुड़े जवान अगलगी से बचाव करने हेतु हर प्रकार से काफी ट्रेंड हैं। इसके लिए मैं बिहार अग्निशमन सेवा के महानिदेशक को धन्यवाद देता हूं। वर्तमान में बिहार अग्निशमन सेवा की क्षमता 8000 है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आबादी में बिहार का 10वां हिस्सा है। यहां की जनसंख्या करीब 14 करोड़ है। बिहार आपदा प्रभावित क्षेत्र है जहां अग्निकांड, बाढ़, भूकंप जैसी आपदाएं आती रहती है। ऐसी स्थिति में बिहार अग्निशमन सेवा के जवान पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। यहां जवानों ने अपने प्रदर्शन के जरिए अपनी कार्यकुशलता, दक्षता और क्षमता प्रदर्शित की है जिनमें हमारी बहनें भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बिहार अग्निशमन सेवा के जवान प्रदेशवासियों को पूर्ण रूप से सुरक्षित रखने में अपना अहम योगदान देते रहें। बिहार में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही पूरे बिहार में बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

बिहार अग्निशमन सेवा इसको ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी सुनिश्चित करे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के किशनगंज में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया है। मैं उनसे आग्रह करूंगा कि गयाजी में इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर बन रहा है। वहां भी सीआईएसएफ का एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की दिशा में पहल करें। बिहार विकसित हो रहा है, इसे और समृद्ध बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है ताकि लोग आर्थिक रूप से अधिक संपन्न और खुशहाल हो सकें। बिहार से बाहर रह रहे लोगों से भी मेरा आग्रह है कि वे वापस बिहार आएं और यहां उद्योग-धंधे स्थापित कर इसे समृद्ध बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं, यह हम सबकी जन्मभूमि है। बिहार में बड़े पैमाने पर निवेश करने की इच्छा से उद्योगपति लगातार यहां आ रहे हैं। अभी मुझे मुख्यमंत्री बने 1 माह 3 दिन हुए हैं। नई सरकार के गठन के 1 साल पूरा होने पर हमारा प्रयास है कि बिहार में 20 नवंबर 2026 तक 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई का जमाना है जिसको ध्यान में रखते हुए बिहार अग्निशमन सेवा में भी इसके इस्तेमाल करने की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित बनाने की दिशा में हर संभव कोशिश में जुटे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न्याय के साथ विकास किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को उन्हीं की भाषा में पुलिस जवाब दे रही है, हमने पुलिस का हाथ खोल दिया है। बिहार सुशासन वाला राज्य है, उसे हर हाल में स्थापित रखना है। सभी विभाग विकास कार्यों के लिए एआई का भी इस्तेमाल करें। यदि किसी विकास कार्य का इस्टिमेट 1 लाख रुपया होता है और उसमें एआई तकनीक की मदद ली जाती है तो 5 से 6 प्रतिशत कॉस्ट कटिंग होती है। कोई भी विभाग बिना एआई से चेक कराये किसी भी इस्टिमेट की स्वीकृति प्रदान न करे।

कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री के समक्ष अग्निशमन सेवा के जांबाज कमांडो ने प्रदर्शन कर और वाटर सैल्यूटिंग शो के माध्यम से अपने अनुशासन, साहस, शक्ति और राष्ट्र सेवा का परिचय दिया। बिहार अग्निशमन सेवा की महानिदेशक शोभा अहोतकर ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ उदयकांत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े, पुलिस महानिरीक्षक, पटना प्रक्षेत्र जितेंद्र राणा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं बिहार अग्निशमन सेवा से जुड़े जवान मौजूद थे।

Related Articles

नवीनतम लेख