पटना । भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शनिवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की टीमें ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं।
आर्थिक अपराध इकाई ने मामले के सत्यापन के बाद थाना कांड संख्या-08/26 (दिनांक 15 मई 2026) दर्ज करते हुए यह कार्रवाई शुरू की है। आरोपी गोपाल कुमार वर्तमान में ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं।
आय से 81.5% अधिक संपत्ति का आरोप
शुरुआती जांच और ईओयू द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कार्यपालक अभियंता पर अपनी ज्ञात और वैध आय से लगभग 2 करोड़ 61 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह अवैध संपत्ति उनकी वास्तविक आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पटना और जमुई में एक साथ चल रही तलाशी
विशेष न्यायालय निगरानी (पटना) से तलाशी वारंट मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में ईओयू की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने पटना और जमुई के निम्नलिखित ठिकानों पर एक साथ धावा बोला:
पटना: मजिस्ट्रेट कॉलोनी के ज्योतिपुरम स्थित ‘जगत विला अपार्टमेंट’ का फ्लैट।
पटना: कंकड़बाग के पूर्वी इंदिरा नगर, रोड नंबर-4 स्थित निजी आवास।
जमुई: केकेएम कॉलेज के पास स्थित किराये का मकान।
झाझा (जमुई): ग्रामीण कार्य प्रमंडल का आधिकारिक कार्यालय।
दस्तावेजों और बैंक खातों की पड़ताल जारी
वर्तमान में ईओयू की टीमें आरोपी अभियंता की संपत्ति, बैंक खातों, विभिन्न निवेशों, जमीन के कागजातों और अन्य वित्तीय दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड हाथ लगने की पूरी संभावना है। छापेमारी का अभियान पूरा होने के बाद ही कुल बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

