35 C
Kolkata
Saturday, May 16, 2026

हमले में घायल मुमताज की मौत के बाद भड़का गुस्सा, शव सड़क पर रखकर लगाया लंबा जाम

पूर्वी सिंहभूम । सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल मोहम्मद मुमताज की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मुमताज पिछले कई दिनों से रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

शुक्रवार देर शाम जब मुमताज का शव एंबुलेंस से मानगो के चेपा पुल पहुंचा, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध जताया, जिसके कारण चेपा पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े लोग
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मांग की कि फरार आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी दोषियों को पकड़ा नहीं जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

हंगामे और तनाव की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद लोगों को समझाया-बुझाया और सड़क जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच एंबुलेंस को वहां से आगे के लिए रवाना किया।

दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपी रोहित मुखी और राजू मुस्खी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

मृतक के छोटे भाई मोहम्मद फैयाज ने बताया कि मुमताज ही अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता मोहम्मद बशीर ठेला चलाकर घर का गुजारा करते हैं। मुमताज की मौत के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

नवीनतम लेख