31 C
Kolkata
Thursday, May 14, 2026

नीतीश कुमार 19वीं पुण्यतिथि पर पत्नी को श्रद्धांजलि देने कल्याण बिगहा पहुंचे

नालंदा, बिहारशरीफ । बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार गुरुवार को अपनी पत्नी स्वर्गीय मंजू देवी की 19वीं पुण्यतिथि पर अपने पैतृक गांव हरनौत प्रखंड के कल्याण बिगहा पहुंचे।

इस दौरान उनके पुत्र एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे। कल्याण बिगहा स्थित स्मृति वाटिका में पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय मंजू देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पूर्व उन्होंने गांव के देवी स्थान मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं राज्य की खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, अस्थावां विधायक जितेंद्र कुमार, राजगीर विधायक कौशल किशोर, बिहार विधान परिषद सदस्य एवं मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, जदयू जिलाध्यक्ष मो खुर्शीद तथा जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा सांसद बनने के बाद यह उनका पैतृक गांव का पहला दौरा था। उनके आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा, नालंदा डीएम कुंदन कुमार, एसपी भारत सोनी, बिहारशरीफ सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल समेत कई वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तैनात रहे।

जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री सुबह लगभग दस बजे कल्याण बिगहा पहुंचे और करीब एक घंटे तक गांव में रहे। इस दौरान उन्होंने देवी स्थान मंदिर में पूजा-पाठ किया तथा रामलखन सिंह स्मृति वाटिका में श्रद्धांजलि अर्पित की।पूर्व मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचे लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान दर्जनों ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, जलापूर्ति और अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन उन्हें सौंपे।

उन्होंने अपने पैतृक आवास पर जदयू सहित विभिन्न दलों के नेताओं एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर बातचीत की।ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने पारंपरिक व्यंजनों खीर-पूरी सहित अन्य पकवानों का भी स्वाद लिया। मौके पर बीडीओ पंकज कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार, जदयू प्रखंड प्रवक्ता रौशन कुमार, कुशेश्वर, बंटी, राजकिशोर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख