34 C
Kolkata
Saturday, June 6, 2026

विक्रमशिला सेतु पर 10 से 15 दिनों में शुरू होगी हल्के वाहनों की आवाजाही : मंत्री

भागलपुर । भागलपुर की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर उत्पन्न संकट को दूर करने के लिए बिहार सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। गुरुवार को पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने विभागीय अधिकारियों के साथ सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से का पैदल निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन यानी बीआरओ द्वारा सैन्य स्तर पर बनाए जा रहे बेली ब्रिज के निर्माण कार्य और उसमें इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और तेजी से काम कराया जा रहा है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि अगले 10 से 15 दिनों के भीतर 3.25 मीटर चौड़े अस्थायी बेली ब्रिज पर हल्के वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पहले चरण में बेली ब्रिज के जरिए यातायात बहाल किया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में ट्रस तकनीक के माध्यम से पुल का स्थायी समाधान किया जाएगा।

विक्रमशिला सेतु बाधित होने के कारण लोगों को नाव के सहारे जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी असर देखने को मिल रहा है। ऐसे में सरकार का यह कदम भागलपुर वासियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख