लातेहार: जिले के विभिन्न हिस्सों में बुधवार की रात आए भीषण आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में बालूमाथ प्रखंड के बरवाटोला गांव में एक हृदयविदारक घटना घटी, जहाँ रामेश्वर गंझु के घर पर एक विशाल पेड़ गिर गया। इस हादसे में उनकी पत्नी सीमा देवी पेड़ और मलबे के नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
10 मिनट के तूफान ने बरपाया कहर बताया जा रहा है कि बुधवार को अचानक आए तूफान ने महज 10 मिनट के भीतर जिले के कई प्रखंडों में भारी नुकसान पहुँचाया। बरवाटोला में जब यह हादसा हुआ, उस वक्त परिवार के लोग घर के भीतर ही थे। पेड़ गिरने से घर के बाहर खड़ी बाइक भी चकनाचूर हो गई। इसके अलावा, सदर अस्पताल रोड पर पेड़ गिरने से घंटों यातायात प्रभावित रहा और महुआडांड़ सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
प्रशासनिक पहल और मुआवजा घटना की सूचना मिलते ही सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण कुशवाहा और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सोमा उरांव और अंचल अधिकारी (CO) बालेश्वर राम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। सीओ ने बताया कि सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल कागजी प्रक्रिया पूरी होने तक परिवार को तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

