33 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

नंदीग्राम सीट छोड़ेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, भवानीपुर के विधायक बने रहेंगे; विकास कार्यों को लेकर दिया बड़ा भरोसा

कोलकाता । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी भविष्य की राजनीतिक राह स्पष्ट कर दी है। बुधवार को उन्होंने घोषणा की कि वह नंदीग्राम विधानसभा सीट का त्याग करेंगे और भवानीपुर सीट से विधायक के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने इन दोनों ही सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

शपथ ग्रहण के बाद की बड़ी घोषणा
बुधवार को विधानसभा परिसर में भवानीपुर विधायक के रूप में शपथ लेने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदीग्राम में अब नियमानुसार उपचुनाव कराया जाएगा। उन्होंने नंदीग्राम की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा “अगले पांच वर्षों तक नंदीग्राम के लोगों को मेरी कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी। वहां के विकास के लिए किए गए हर वादे को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।”

नंदीग्राम से भावनात्मक जुड़ाव
शुभेंदु अधिकारी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि 2009 से 2016 के बीच जब वह वहां के विधायक नहीं थे, तब भी उन्होंने क्षेत्र के विकास में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि नंदीग्राम के प्रतिनिधि के रूप में कोई और चेहरा भले ही सामने हो, लेकिन पर्दे के पीछे से वह स्वयं क्षेत्र की प्रगति की निगरानी करते रहेंगे।

सादगी की मिसाल: काफिले में घटाई वाहनों की संख्या
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और सादगी की अपील का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री ने एक और अहम फैसला लिया। उन्होंने निर्देश दिया है कि उनके काफिले में वाहनों की संख्या कम की जाए। अब उनके साथ केवल वही वाहन चलेंगे जो सुरक्षा की दृष्टि से अनिवार्य हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख