34 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

पाकुड़ में कलयुगी बेटे का खौफनाक कदम: शराब के नशे में पिता की धारदार हथियार से हत्या

पाकुड़ । झारखंड के पाकुड़ जिले के शहरी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। किताझोर मोहल्ले में एक शराबी बेटे ने अपने ही 60 वर्षीय पिता की धारदार हथियार से हमला कर जान ले ली। मंगलवार देर रात हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

कहासुनी के बाद किया हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक दिवाकर सरदार और उनके पुत्र अनूप सरदार के बीच देर रात किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। नशे में धुत अनूप ने अपना आपा खो दिया और घर में रखे धारदार हथियार से अपने पिता पर वार कर दिया। हमले में दिवाकर सरदार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पत्नी को जलाने का भी कर चुका है प्रयास
अनूप के परिवार वालों ने उसके हिंसक व्यवहार के बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसकी पत्नी और बेटी ने बताया कि अनूप रोजाना शराब पीकर घर आता था और मारपीट करता था। बेटी के अनुसार, इससे पहले भी उसने अपनी पत्नी को पीटा था और घर में आग लगाकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की थी।

नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी अनूप सरदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

परिजनों ने की कड़ी सजा की मांग
वारदात के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि ऐसे क्रूर अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई दूसरा ऐसा कदम उठाने की हिम्मत न करे।

Related Articles

नवीनतम लेख