पूर्वी सिंहभूम । एमजीएम थाना क्षेत्र के भिलाई पहाड़ी स्थित अवध डेंटल कॉलेज के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 30 वर्षीय सुरक्षाकर्मी प्रमोद कुंडू की जान चली गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे प्रमोद
मृतक प्रमोद कुंडू उलिडीह ओपी स्थित ‘संजीविनी नेत्रालय नर्सिंग होम’ में बतौर सिक्योरिटी गार्ड कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अवध डेंटल कॉलेज के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
परखच्चे उड़े, अस्पताल पहुँचने से पहले दम तोड़ा
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दूसरी बाइक पर मुखियाडांगा निवासी विशाल और मोनू सवार थे। दुर्घटना के बाद तीनों युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में सभी को एमजीएम (MGM) अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद प्रमोद कुंडू को मृत घोषित कर दिया।
घायलों की स्थिति नाजुक, पुलिस जांच में जुटी
हादसे में घायल विशाल और मोनू का इलाज फिलहाल एमजीएम अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रमोद के परिजनों में कोहराम मच गया है।
एमजीएम थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि दुर्घटना की मुख्य वजह ओवरटेकिंग थी या वाहनों की अनियंत्रित गति।

