पलामू । जिले में बिजली से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। पलामू उपायुक्त (डीसी) दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के निर्देश पर अब प्रखंड और अनुमंडल स्तर पर विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे। इन ग्रुप्स के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुँचाया जा सकेगा।
बिजली विभाग की जवाबदेही तय करने के लिए इन व्हाट्सएप ग्रुप्स में केवल विभाग के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे।संबंधित क्षेत्र के अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) और अंचल अधिकारी (CO) ग्रुप में मौजूद रहकर शिकायतों की निगरानी करेंगे। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सूचना मिलते ही कार्रवाई करें और समाधान के बाद उसकी फोटो भी ग्रुप में साझा करें।
क्यों पड़ी इसकी जरूरत?
डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि भीषण गर्मी, बारिश और तेज हवाओं के कारण बिजली के बुनियादी ढांचे में खराबी की संभावना बढ़ जाती है। बिजली एक आवश्यक सेवा है, इसलिए आम लोगों की समस्याओं को दूर करना प्राथमिकता है। व्हाट्सएप ग्रुप बनने से शिकायतों पर होने वाली देरी को खत्म किया जा सकेगा और पारदर्शिता आएगी।
सामाजिक सरोकार: डीसी से मिले पर्वतारोही, चलाएंगे जन जागरूकता अभियान
विश्व शांति पदयात्रा और जन जागरूकता अभियान पर निकले पर्वतारोहियों की एक टीम ने सोमवार को पलामू डीसी से मुलाकात की। यह टीम विभिन्न सामाजिक मुद्दों और जन कल्याण के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है। पलामू जिला प्रशासन सिंचाई विभाग और सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से इस टीम को हर संभव मदद मुहैया कराएगा ताकि वे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अपना अभियान सफलतापूर्वक चला सकें।

