उज्जैन । अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए मशहूर फिल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंगलवार तड़के बाबा महाकाल के दरबार पहुंचीं। उन्होंने मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और दिव्य भस्म आरती में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ कमाया।
भक्ति भाव से सराबोर दिखा अंदाज
तमन्ना भाटिया तड़के करीब 3:00 बजे मंदिर परिसर पहुंचीं। मस्तक पर चंदन का तिलक लगाए तमन्ना पूरी तरह शिव भक्ति के रंग में रची-बसी नजर आईं। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक चली भस्म आरती का शांत चित्त से अवलोकन किया।
विधि-विधान से किया पूजन
भस्म आरती संपन्न होने के बाद अभिनेत्री ने धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की। उन्होंने नंदी जी का अभिषेक किया और परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी मनोकामना कही। चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
अनुभव को बताया ‘अकल्पनीय’
दर्शन के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए तमन्ना ने अपनी खुशी साझा की। उन्होंने कहा “बाबा महाकाल के बुलावे पर ही कोई यहां आ पाता है। आज आरती का जो दिव्य दृश्य मैंने देखा, उसे शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। यहां से अद्भुत सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। इतने भक्तों के साथ बैठकर आरती देखना एक अलग ही एहसास है।”
मंदिर परिसर में अभिनेत्री की मौजूदगी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया, जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

