काठमांडू/मकवानपुर । नेपाल की राजधानी काठमांडू से दर्शन कर लौट रहे भारतीय तीर्थयात्रियों के साथ एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। मकवानपुर जिले के इन्द्रसरोवर स्थित सिस्नेरी–दक्षिणकाली मार्ग पर यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक गाड़ी (EV) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कुल 9 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे का कारण और समय
यह दुर्घटना सोमवार देर रात (मंगलवार तड़के) करीब 2:10 बजे हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, काठमांडू से हेटौंडा की ओर जा रही गाड़ी (बा.प्र.०१–०३३ च ५२५८) का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
गाड़ी में चालक सहित कुल 11 लोग सवार थे। घायलों में अधिकांश बिहार के दरभंगा जिले के निवासी हैं। राम विनय झा (60), निर्मला देवी (70) और अनिता देवी (55)। इनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और इन्हें बेहतर इलाज के लिए चितवन मेडिकल कॉलेज (भरतपुर) में भर्ती कराया गया है। छत्रधर चौधरी (74), प्रझा देवी (56), रुद्रकुमारी झा (52), हम्रानाथ झा (67), अमरनाथ झा (66) और अनिता झा (42)। इन सभी का इलाज काठमांडू के अलका अस्पताल में चल रहा है।
मकवानपुर जिला पुलिस प्रवक्ता राजू प्रसाद कुर्मी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही खानीखेत और सिस्नेरी से पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने वाहन चालक पिन्टू सिंह (निवासी धनुषा) को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

