रोहतास । बिहार के रोहतास जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव में बीती देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दस अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक आपस में रिश्तेदार थे और एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
हादसा उस वक्त हुआ जब मठिया गांव के लोग चेनारी के लोधी गांव से अशोक कुमार की पुत्री का तिलक समारोह संपन्न कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी पिकअप गांव के पास पहुंची, मोड़ पर पहले से खड़ी एक बस और उनकी पिकअप को एक अनियंत्रित कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन लोग एक ही गांव के हैं, जबकि दो अन्य करीबी रिश्तेदार थे:
अशोक कुमार सिंह (45 वर्ष): ग्राम मठिया, दिनारा
पिंटू कुमार (35 वर्ष): ग्राम मठिया, दिनारा
रामेश्वर सिंह (38 वर्ष): ग्राम मठिया, दिनारा
छोटू कुमार (20 वर्ष): मिश्रवालिया, नटवार
राम बरत सिंह (44 वर्ष): भगवानपुर, कैमूर
दिनारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घातक टक्कर मारने वाले कंटेनर को जब्त कर लिया है, हालांकि उसका चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।

