सीवान । बिहार के सीवान जिले में सोमवार सुबह पुलिस ने भूमाफियाओं और रंगदारी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। सारण रेंज के DIG नीलेश कुमार और SP पुरन कुमार झा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने रघुनाथपुर से राजद (RJD) विधायक ओसामा शहाब के पैतृक और शहरी आवासों पर एक साथ छापेमारी की।
पुलिस की विशेष टीम ने विधायक के दो ठिकानों पर एक साथ धावा बोला। हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित पैतृक आवास पर सघन तलाशी ली गई। सीवान शहर के नया किला स्थित आवास पर पुलिस टीम करीब 40 मिनट तक डटी रही और बारीकी से छानबीन की।
डॉक्टर की जमीन कब्जाने का है मामला
छापेमारी के बाद डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई महादेवा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर की जमीन पर रंगदारी के बल पर कब्जा करने के मामले में की गई है। जांच के दौरान इस कांड में विधायक ओसामा शहाब और उनके करीबियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने न्यायालय से वारंट प्राप्त करने के बाद ही यह कदम उठाया है।
“भूमाफिया शहर छोड़ दें” – DIG की चेतावनी
डीआईजी ने कड़े लहजे में अपराधियों और भूमाफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा, “सीवान के भूमाफिया अब शहर छोड़ दें, पुलिस उन्हें बख्शने के मूड में नहीं है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस के पास इस मामले में पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं और कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
भारी सुरक्षा बल के साथ हुई कार्रवाई
इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी में एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, गौरी कुमारी समेत कई थानों की पुलिस और सशस्त्र जवान शामिल थे। हालांकि, फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है, लेकिन इस कार्रवाई से जिले के सियासी और अपराधी गलियारों में हड़कंप मच गया है।

