33 C
Kolkata
Monday, May 4, 2026

मैजिक वैन ने युवक को कुचला, मौत के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) । पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। जलडहर पेट्रोल पंप के पास एक अनियंत्रित मैजिक वैन ने पैदल जा रहे 40 वर्षीय युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान जलडहर निवासी अजीज सहिस (पिता- स्व. बुधु सहिस) के रूप में हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, अजीत पेट्रोल पंप से पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेलटांड़ से झाड़बामनी की ओर जा रही तेज रफ्तार मैजिक वैन ने सड़क पार करने के दौरान उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। उनके सिर पर गंभीर चोट आने के कारण डॉक्टरों ने एमजीएम अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अजीत की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अजीत मजदूरी कर अपनी पत्नी, एक बेटी और दो बेटों का पालन-पोषण करते थे। अभी दो महीने पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था, परिवार उस सदमे से उबरा भी नहीं था कि अब घर के मुखिया की मौत हो गई। हादसे के वक्त उनकी पत्नी एक शादी समारोह में गई हुई थीं। घर लौटते ही उन्हें इस भयावह खबर का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद पटमदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल मैजिक वैन को जब्त कर लिया है। हालांकि, वैन का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख