30 C
Kolkata
Saturday, May 2, 2026

तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग बनी मुसीबत, पंडित और बाराती को लगी गोली; पूर्व मुखिया गिरफ्तार

पलामू : पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ जश्न की खुशियाँ उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं जब तिलक समारोह के दौरान ‘हर्ष फायरिंग’ की गई। इस घटना में तिलक करा रहे पंडित और एक बुजुर्ग बाराती गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरिहरगंज पूर्वी के पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है।

ड्राइवर के तिलक में की फायरिंग
घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार के शिल्दाखुर्द निवासी करीमन बैठा अपनी बेटी का तिलक लेकर भगत तेंदुआ गांव आए थे। तिलक समारोह राहुल रजक का था, जो पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा का ड्राइवर है। कार्यक्रम के दौरान उत्साह में आकर पूर्व मुखिया ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी।

भगदड़ और अफरा-तफरी
फायरिंग के दौरान गोली छिटक कर सीधे कार्यक्रम करा रहे पंडित अरविंद मिश्रा के दाहिने पैर में जा लगी। वहीं, एक अन्य गोली बाराती जागेश्वर बैठा (60 वर्ष) की पीठ को रगड़ते हुए निकल गई। अचानक हुई इस वारदात से समारोह में भगदड़ मच गई। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से गंभीर रूप से घायल पंडित को बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद (बिहार) और फिर गया रेफर किया गया है।

पुलिस की कड़ी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी हथियार सहित दो हथियार जब्त कर लिए गए हैं। प्रशासन ने आरोपी का हथियार लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा भी की है।

लापरवाही पर उठे सवाल
प्रशासन की बार-बार चेतावनी के बावजूद खुशी के मौकों पर हथियारों का प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी। इस घटना ने एक बार फिर हर्ष फायरिंग जैसी जानलेवा परंपरा पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख