सीवान | सीवान पुलिस ने मानव तस्करी और शोषण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत पुलिस ने विभिन्न आर्केस्ट्रा केंद्रों पर छापेमारी कर 21 नाबालिग लड़कियों को नरक से बाहर निकाला है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो संचालकों को गिरफ्तार किया है।
कई राज्यों और नेपाल से जुड़ी हैं तारें
एसपी पूरन कुमार झा के निर्देश पर अनैतिक देह व्यापार और तस्करी रोकने के लिए गठित विशेष टीम ने पचरुखी थाना क्षेत्र में यह छापेमारी की। मुक्त कराई गई लड़कियां केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पड़ोसी देश नेपाल की रहने वाली हैं। पुलिस अब इनके परिजनों से संपर्क करने और इन्हें यहाँ लाने वाले सिंडिकेट का पता लगाने में जुटी है।
आर्केस्ट्रा की आड़ में शोषण का काला कारोबार
पुलिस के अनुसार, इन लड़कियों को बेहतर काम का झांसा देकर यहाँ लाया गया था, लेकिन उन्हें आर्केस्ट्रा की आड़ में शोषण का शिकार बनाया जा रहा था। छापेमारी टीम में महिला थाना प्रभारी और मानव तस्करी विरोधी इकाई (AHTU) के सदस्य मुख्य रूप से शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पचरुखी थाने में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की अपील: जागरूक बनें नागरिक
एसपी ने जनता से अपील की है कि वे समाज के इस कलंक को मिटाने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी बच्चों या महिलाओं के शोषण की जानकारी मिले, तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

