29 C
Kolkata
Saturday, May 2, 2026

बारात लेकर निकले दूल्हे की सरेआम गोली मारकर हत्या, खुशियां मातम में बदलीं

जौनपुर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही के पास शुक्रवार रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी। नेशनल हाईवे पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

कैसे हुई वारदात?
सरायख्वाजा के बड़ऊर गांव से आजाद बिन्द की बारात धूमधाम से बीबीपुर गांव के लिए निकली थी। दूल्हा अभी कुछ ही दूर पहुंचा था कि शाहगंज-जौनपुर हाईवे पर पहले से घात लगाए बैठे अपाचे सवार तीन बदमाशों ने दूल्हे की गाड़ी रुकवा ली। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली दूल्हे के पेट और दूसरी उसके चेहरे पर लगी।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
खून से लथपथ आजाद को तुरंत खेतासराय के हबीब हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खुशियां मातम में तब्दील
जिस घर में कुछ देर पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं और डीजे पर लोग थिरक रहे थे, वहां अब चीख-पुकार मची है। दुल्हन के घर पर जैसे ही यह खबर पहुंची, शादी की रस्में रुक गईं और दुल्हन के अरमान आंसुओं में बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कुंवर अनुपम सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और बदमाशों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख