29 C
Kolkata
Saturday, May 2, 2026

IPL 2026: राहुल और निसांका के तूफानी अर्धशतकों से राजस्थान को 7 विकेट से रौंदा

जयपुर । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को उनके घरेलू मैदान सवाई मानसिंह स्टेडियम में 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। 225 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और लगातार तीन हार के सिलसिले को खत्म कर टूर्नामेंट में शानदार वापसी की।

पराग की कप्तानी पारी पर फिरा पानी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान रियान पराग (90 रन, 50 गेंद) ने मोर्चा संभाला और ध्रुव जुरेल (42 रन) के साथ मिलकर टीम को संभाला। अंत में डोनोवन फरेरा ने मात्र 14 गेंदों में 47 रनों की आतिशी पारी (6 छक्के) खेलकर स्कोर को 225 तक पहुंचाया। दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने वापसी करते हुए 3 विकेट झटके।

राहुल-निसांका की ‘पावरपैक’ शुरुआत
बड़े लक्ष्य के दबाव के बावजूद दिल्ली के सलामी बल्लेबाजों ने निडर खेल दिखाया। पथुम निसांका (62) और केएल राहुल (75) ने पहले विकेट के लिए ताबड़तोड़ साझेदारी कर राजस्थान के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया। पावरप्ले में ही दिल्ली ने 70 रन कूट डाले थे।

मध्यक्रम में नीतीश राणा ने 33 रनों का उपयोगी योगदान दिया, जबकि अंत में ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने संयम बनाए रखते हुए टीम को जीत की दहलीज के पार पहुँचाया। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज गेंदबाज भी दिल्ली की रफ्तार को रोकने में नाकाम रहे।

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स अब 9 मैचों में 4 जीत लेकर अंकतालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, हार के बावजूद राजस्थान रॉयल्स 10 मैचों में 6 जीत के साथ चौथे स्थान पर बरकरार है।

Related Articles

नवीनतम लेख