ग्वालपाड़ा (असम) । असम के ग्वालपाड़ा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ राक्षसिनी इलाके में एक जंगली हाथी ने एक महिला को कुचलकर मार डाला। पुलिस के अनुसार, हाथियों का एक झुंड भोजन की तलाश में रिहायशी इलाके में घुस आया था। इसी दौरान झुंड से अलग हुए एक अकेले हाथी ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान सरस्वती सील के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए वन विभाग को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।
वन विभाग की लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में जंगली हाथियों का उपद्रव आए दिन की बात हो गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग की ओर से हाथियों को रोकने या सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की इसी सुस्ती की वजह से आज एक मासूम महिला की जान चली गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

