फिरोजाबाद । उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना टूण्डला पुलिस और एसओजी टीम ने गुरुवार देर रात एक मुठभेड़ के दौरान लूट के मामले में फरार चल रहे दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद के अनुसार, यह मामला 22 अप्रैल को हुई एक लूट से जुड़ा है। ‘ग्रामीण कोटा फाइनेंस’ के दो कर्मचारी, अरमान और अरविंद, जब वैशालीपुरम कॉलोनी से पैसे लेकर बैंक जमा करने जा रहे थे, तब तीन बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग लूट लिया था।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लूट की यह योजना फाइनेंस कर्मी अरविंद सिंह ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर बनाई थी। पुलिस ने अरविंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद एसएसपी ने फरार चल रहे मुख्य अभियुक्तों—कुलदीप और निखिल उर्फ कान्हा पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि इनामी बदमाश कुलदीप और निखिल ‘पुराना बाईपास रोड हमीरपुर बंबा’ के पास लूट की रकम बांटने के लिए जुटने वाले हैं। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिससे दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने इनके पास से 95,880 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
“घायल अभियुक्तों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस आगे की विधिक कार्यवाही में जुटी है।” — रवि शंकर प्रसाद, एएसपी (नगर)

