30 C
Kolkata
Thursday, April 23, 2026

वीरपुर में मुख्य सचिव और डीजीपी का दौरा, इंडो-नेपाल सीमा सुरक्षा और विकास कार्यों की हुई समीक्षा

सुपौल। जिले के वीरपुर में बिहार प्रशासनिक महकमे का हाई-प्रोफाइल दौरा देखने को मिला, जब राज्य सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार विशेष कार्यक्रम के तहत वीरपुर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का हेलीकॉप्टर से आगमन हुआ, जहां जिला प्रशासन ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान सुपौल पुलिस की ओर से उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य इंडो-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना तथा जिले में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति देना बताया गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और बैठक की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मीडिया को भी दूर रखा गया।

वीरपुर पहुंचने के बाद मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सीधे फिजिकल मॉडलिंग सेंटर पहुंचे, जहां एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोसी आयुक्त राजेश कुमार, सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस और एसएसबी के डीआईजी मधुकर अमिताभ सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास, क्षेत्रीय प्रगति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ रणनीतिक मंथन किया गया। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के बाद सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि मुख्य सचिव ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने और वीरपुर हवाई अड्डा के विकास कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर समाप्त करने का आदेश दिया। साथ ही कोसी क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा की गई, ताकि भविष्य में संभावित आपदाओं से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके। बैठक समाप्त होने के बाद मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो गए।

 

 

Related Articles

नवीनतम लेख