किशनगंज। शहर में चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय व्यापारियों को हैरान कर दिया है। बुधवार की देर रात चूड़ी पट्टी स्थित शमीमा कॉम्प्लेक्स, जिया मार्केट में चोरों ने कीमती सामानों को नजरअंदाज करते हुए एक भरा हुआ एलपीजी गैस सिलेंडर चुरा लिया।
जानकारी के अनुसार, देर रात दो अज्ञात युवक कॉम्प्लेक्स में दाखिल हुए। वहां दुकानों के बाहर कई महंगे सामान रखे थे, लेकिन चोरों ने उन्हें हाथ तक नहीं लगाया। वे सीधे एक दुकान के बाहर रखे गैस सिलेंडर के पास पहुंचे, उसे उठाया और कुछ ही मिनटों में मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों चोर पहले आसपास का जायजा लेते हैं, फिर योजनाबद्ध तरीके से सिलेंडर उठाकर आराम से निकल जाते हैं। उनकी गतिविधियों से अंदेशा जताया जा रहा है कि उन्हें पहले से ही सिलेंडर के स्थान की जानकारी थी। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
व्यापारियों का कहना है कि बाजार में पहले भी छोटी-मोटी चोरियां होती रही हैं, लेकिन इस तरह की अनोखी चोरी पहली बार हुई है। उन्होंने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर बताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है और फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। यह अनोखी चोरी पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग चोरों के इस अजीब मकसद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

