33 C
Kolkata
Tuesday, April 21, 2026

उपायुक्त ने की आईटीडीए और कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा

खूंटी। समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आईटीडीए और जिला कल्याण कार्यालय की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रों को दी जाने वाली प्री मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान और साइकिल वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने कहा कि विभागीय प्रावधानों के अनुरूप सभी योग्य छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति और साइकिल उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

बैठक में लंबित योजनाओं की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई कर कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष बल दिया।

इस दौरान अल्पसंख्यक कब्रिस्तान घेराबंदी, सरना-मसना हड़गड़ी घेराबंदी, धुमकुड़िया भवन निर्माण, अल्पसंख्यक कियोस्क निर्माण योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान और डीए-जेगुआ के तहत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने जिले में संचालित आवासीय विद्यालयों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही डीबीटी भुगतान में पारदर्शिता बनाए रखने और बिल की निकासी से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने की बात कही।

बैठक में सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एनआरईपी, सहायक अभियंता, जेई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख