चतरा। झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी 19 अप्रैल को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 4280 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इसी को लेकर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन, चतरा में उपायुक्त कीर्तिश्री और पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने संयुक्त ब्रीफिंग कर परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिया गया।
परीक्षा के निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों के 200 मीटर क्षेत्र में धारा 163 बीएनएसएस के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस दौरान हथियार, विस्फोटक पदार्थ, भीड़-भाड़, जुलूस, लाउडस्पीकर और शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी। परीक्षा में कदाचार या उससे जुड़ी किसी भी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सह जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

