32 C
Kolkata
Friday, April 17, 2026

अभिभावक संघ ने की गर्मी को लेकर स्कूल समय बदलने की मांग, सौंपा ज्ञापन

पूर्वी सिंहभूम। कोल्हान सहित पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ती गर्मी को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है। जिले में तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इसके साथ ही हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है, जिससे स्थिति और गंभीर मानी जा रही है।

इसी को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार के नेतृत्व में एक ज्ञापन मुख्यमंत्री, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम तथा जिला शिक्षा अधीक्षक को सौंपा गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों के संचालन समय में तत्काल बदलाव किया जाए।

अभिभावक संघ का कहना है कि वर्तमान में स्कूलों की कक्षाएं दोपहर 1:30 बजे तक संचालित हो रही हैं, जो दिन का सबसे अधिक गर्म समय होता है। इस दौरान तापमान अपने चरम पर रहता है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। तेज धूप, लू और गर्म हवाओं के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, थकान, चक्कर और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि छोटे बच्चों और किशोरों की शारीरिक सहनशीलता अधिक तापमान में कम होती है, जिससे वे जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। ऐसे में स्कूल समय को वर्तमान स्थिति के अनुसार समायोजित करना बेहद जरूरी है।

अभिभावक संघ ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सभी स्कूलों का संचालन समय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक निर्धारित किया जाए, ताकि बच्चे भीषण गर्मी के प्रभाव से सुरक्षित रह सकें और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित न हो।

डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है, इसलिए प्रशासन को इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और जिला प्रशासन इस मांग पर जल्द सकारात्मक पहल करेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख