बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कर्नाटक दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे श्री क्षेत्र आदिचुंचनागिरि पहुंचेंगे, जहां वो श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के साथ संयुक्त रूप से “सौंदर्य लहरी और शिव महिम्न स्तोत्रम्” पुस्तक का विमोचन भी करेंगे।
श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर, श्री आदिचुंचनगिरि महासंस्थान मठ के 71वें पीठाधीश्वर डॉ. बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी को समर्पित स्मारक है। पारंपरिक द्रविड़ वास्तुकला शैली में निर्मित यह मंदिर दिवंगत संत के जीवन, उनके योगदान और विरासत को समर्पित है। मंदिर को केवल पूजा स्थल के रूप में ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा केंद्र के रूप में भी विकसित किया गया है।
डॉ. बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी ने अनेक शैक्षणिक संस्थानों और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना की थी। उनका मानना था कि समाज की सेवा ही सर्वोच्च पूजा है। उनकी शिक्षाएं जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर लाखों लोगों को प्रेरित करती रही हैं।

