29 C
Kolkata
Monday, April 13, 2026

तमिलनाडु में ‘डबल इंजन सरकार’ से विकास को मिलेगी नई रफ्तार: नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु में भाजपा-नीत राजग को जनता बदलाव की उम्मीद के साथ देख रही है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से एक सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि तमिलनाडु में ‘डबल इंजन सरकार’ बनती है, तो विकास कार्यों की रफ्तार और तेज हो जाएगी।

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअल माध्यम से ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत संवाद – तमिलनाडु’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे छोटे-छोटे समूह में बैठकें आयोजित करें और अपने अनुभव साझा करें। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि सत्ता में न होने के बावजूद राजग ने राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के लिए बिचौलियों की भूमिका समाप्त की गई है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत तमिलनाडु के किसानों को हजारों करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। इसके अलावा फसल बीमा योजना के अंतर्गत भी किसानों के दावों का बड़े पैमाने पर निपटान किया गया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में तमिलनाडु में 11 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं और मेडिकल सीटों की संख्या दोगुनी हो गई है। उन्होंने इसे मध्यम वर्ग के सपनों को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। साथ ही रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और हवाई अड्डों से जुड़े कई बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर तेजी से काम होने का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत लाखों युवाओं, छोटे व्यापारियों और विशेष रूप से महिलाओं को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है। केंद्र सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने राज्य की डीएमके सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसके रवैये के कारण कई गरीब और पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं उठा पाए। उन्होंने कहा कि सही सर्वेक्षण न होने और पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल न किए जाने से लाखों परिवार पक्के घर से वंचित रह गए।

प्रधानमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ड्रग्स और अवैध शराब का नेटवर्क बढ़ रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को राज्य सरकार का संरक्षण मिल रहा है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि डीएमके सरकार में भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मंत्री और विभाग अनियमितताओं में संलिप्त हैं और भ्रष्टाचार, कमीशन तथा कलेक्शन राज्य सरकार की पहचान बनते जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उन लोगों की पहचान करें जो अभी भी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं और उन्हें जागरूक करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में राजग सरकार बनने पर हर पात्र परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराया जाएगा और विकास का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने इसे “मोदी की गारंटी” बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

Related Articles

नवीनतम लेख