31 C
Kolkata
Saturday, April 11, 2026

रील बनाने के चक्कर में अधूरा फ्लाईओवर बना ‘डेथ ट्रैप’, ऊंचाई से गिरकर 14 वर्षीय किशोर की मौत

पलामू । झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सोशल मीडिया पर रील बनाने और जन्मदिन का जश्न मनाने के दौरान एक नाबालिग की जान चली गई। नेशनल हाईवे-39 पर स्थित एक अधूरे फ्लाईओवर से नीचे गिरने के कारण 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा निवासी अमन उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चियाकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे का फोरलेन कार्य चल रहा है, जहाँ एक फ्लाईओवर अभी अधूरा बना हुआ है। शनिवार को कुछ युवक यहाँ जन्मदिन मनाने पहुँचे थे। अमन भी अपनी स्कूटी से वहां गया था। रील बनाने और स्कूटी चलाने के दौरान वह अचानक फ्लाईओवर के अंतिम छोर से अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा।

पुलिस की प्रारंभिक जांच और चेतावनी
सदर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हादसा रील बनाने के दौरान हुआ है। उन्होंने कहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) ने अधूरे फ्लाईओवर पर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए थे, लेकिन युवक सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर वहां पहुंच रहे हैं।

अधूरा फ्लाईओवर बना पिकनिक स्पॉट
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण के बावजूद यह फ्लाईओवर युवाओं के लिए सेल्फी और रील बनाने का अड्डा बन गया है। पुलिस अब मामले की तहकीकात कर रही है कि आखिर सुरक्षा घेरा होने के बावजूद ये युवक वहां तक कैसे पहुंचे।

अपील: प्रशासन ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे खतरनाक और निर्माणाधीन क्षेत्रों में रील बनाने या घूमने न जाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Related Articles

नवीनतम लेख