31 C
Kolkata
Friday, April 10, 2026

जोएल एम्बीड की आपात सर्जरी, प्लेऑफ में खेलना संदिग्ध

ह्यूस्टन। नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (एनबीए) फ्रेंजाइजी फिलाडेल्फिया 76र्स के स्टार खिलाड़ी जोएल एम्बीड की गुरुवार को ह्यूस्टन में अपेंडिक्स की आपात सर्जरी हुई। टीम ने पुष्टि की कि उन्हें रात में अचानक अपेंडिसाइटिस की समस्या हुई, जिसके बाद तुरंत ऑपरेशन करना पड़ा।

यह सर्जरी उस समय हुई जब फिलाडेल्फिया 76र्स की टीम ह्यूस्टन रॉकेट्स के खिलाफ मुकाबले की तैयारी कर रही थी। टीम के मुख्य कोच निक नर्स ने बताया कि बुधवार के अभ्यास के दौरान एम्बीड बिल्कुल ठीक थे, लेकिन गुरुवार तड़के करीब 3 बजे उन्होंने अस्वस्थ महसूस होने की जानकारी दी।

कोच के अनुसार, उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद सर्जरी करने का निर्णय लिया गया।

फिलहाल एम्बीड की वापसी को लेकर कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है, लेकिन प्ले-इन टूर्नामेंट और प्लेऑफ के शुरुआती मुकाबलों में उनके खेलने की संभावना कम मानी जा रही है। यह टीम के लिए बड़ा झटका है।

ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस में फिलाडेल्फिया 76र्स की टीम आठवें स्थान पर है और प्ले-इन में जगह बनाने की स्थिति में है, जबकि छठे स्थान की टीम से केवल एक मैच पीछे है।

एम्बीड ने इस सत्र में केवल 38 मैच खेले हैं, जिसका मुख्य कारण उनके घुटने से जुड़ी समस्या रही है। इसके बावजूद उन्होंने सैन एंटोनियो स्पर्स के खिलाफ मुकाबले में 34 अंक और 12 रिबाउंड का शानदार प्रदर्शन किया था।

इस सीजन में एम्बीड औसतन 26.9 अंक और 7.7 रिबाउंड बना रहे हैं। 2022-23 सत्र में उन्होंने 33.1 अंक के औसत के साथ सबसे मूल्यवान खिलाड़ी का खिताब जीता था।

उनकी अनुपस्थिति में टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा। कोच निक नर्स ने कहा कि टीम के पास एडेम बोना और आंद्रे ड्रमंड जैसे विकल्प मौजूद हैं, जिनका उपयोग किया जाएगा।

हाल ही में एम्बीड ने एक मुकाबले में नहीं खेलने दिए जाने पर नाराजगी भी जताई थी और इसके लिए टीम प्रबंधन की ओर इशारा किया था।

अब प्लेऑफ से पहले टीम पर दबाव बढ़ गया है। कोच ने कहा कि टीम को खुद को संभालना होगा और पेशेवर तरीके से हालात का सामना करना होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख