आसनसोल । आसनसोल की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने कड़ा पलटवार किया है। गुरुवार देर रात आसनसोल के राहा लेन स्थित तृणमूल जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जिलाध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती और आसनसोल उत्तर से पार्टी प्रत्याशी मलय घटक ने प्रधानमंत्री के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी जनसभा में पिछले 15 वर्षों में तृणमूल पर बंगाल को “लूटने” का आरोप लगाया, जो पूरी तरह निराधार और राजनीतिक बयानबाजी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बंगाल और यहां की जनता के खिलाफ कही गई बातों की जितनी निंदा की जाए, वह कम है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ केंद्र बंगाल के हिस्से का दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का फंड रोक कर रखता है और दूसरी तरफ बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं। इससे साफ है कि केंद्र सरकार राज्य के विकास को बाधित करना चाहती है और लोगों को परेशान कर रही है।
उन्होंने भाजपा के आईटी सेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बांग्ला भाषा को “बांग्लादेशी भाषा” बताना बंगाल और बंगाली समाज का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के मन में बंगाल और यहां की संस्कृति के प्रति सम्मान नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर ईश्वर चंद विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ने और रविंद्र नाथ टैगोर तथा बंकिम चंद्र चटर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों के नाम तक गलत तरीके से प्रस्तुत करने के आरोप भी लगे हैं, जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री पद से किसी को समस्या नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री रहते हुए यदि बंगाल के लोगों के साथ “वंचना और भेदभाव” होता है, तो जनता इसका जवाब जरूर देगी। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य के बकाया फंड को क्यों रोका गया और इसका जवाब प्रधानमंत्री को देना चाहिए।
वहीं, तृणमूल प्रत्याशी मलय घटक ने भी प्रधानमंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरियां देने और हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये देने जैसे वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे में नए वादों पर जनता कैसे विश्वास करे? जनता अब सब समझ चुकी है और भाजपा के वादों पर भरोसा नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी 2021 की तरह भाजपा को करारा जवाब मिलेगा।

