23 C
Kolkata
Tuesday, April 7, 2026

आईईवीपी के तहत पहले चरण में 23 देशों के 43 प्रतिनिधि देखेंगे चुनाव प्रक्रिया

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने असम, केरल और पुडुचेरी की विधानसभाओं के आगामी आम चुनावों के लिए अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (आईईवीपी), 2026 का मंगलवार को शुभारंभ किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर आज भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। ज्ञानेश कुमार ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि चुनाव आयोग भारत में चुनावों को लोकतंत्र के उत्सव के रूप में मनाता है और इसे सुनिश्चित करने के लिए मिशन मोड में काम करता है। उन्होंने प्रतिभागियों से राज्यों के दौरे का आनंद लेने, सीखने, देखने और भारत की विविधता का अनुभव करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के पहले चरण में प्रतिनिधि 8-9 अप्रैल को असम, केरल और पुडुचेरी का दौरा करेंगे। दूसरे चरण में प्रतिनिधि 20 अप्रैल से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु राज्यों का दौरा करेंगे। कार्यक्रम के पहले चरण में दिल्ली स्थित पांच विदेशी दूतावासों के प्रतिनिधियों सहित 23 देशों के 43 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

प्रतिनिधि 8 अप्रैल को असम, केरल और पुडुचेरी केंद्रशासित प्रदेश की यात्रा करेंगे। वे वितरण केंद्रों और जिला नियंत्रण कक्षों तथा मीडिया निगरानी केंद्रों सहित अन्य सुविधाओं का दौरा करेंगे। वे 9 अप्रैल की सुबह वास्तविक मतदान भी देखेंगे।

प्रतिनिधियों को आज आईआईआईडीईएम में ईवीएम का प्रदर्शन दिखाया गया और उन्होंने मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का उपयोग करके मॉक पोल में भाग लिया। प्रतिनिधियों ने भारत में चुनाव प्रक्रिया में तकनीकी हस्तक्षेप और प्रशासनिक सुरक्षा उपायों में गहरी रुचि दिखाई। प्रतिनिधियों ने विशेषज्ञों के साथ संवादात्मक सत्र किया और अपने संदेह/प्रश्नों को स्पष्ट किया।

Related Articles

नवीनतम लेख